आईपीएल 2025 के मैच नंबर-11 में राजस्थान रॉयल्स ने 6 रनों से जीत हासिल की. मैच के आखिरी ओवर में चेन्नई सुपर किंग्स को जीत के लिए 20 रन बनाने थे. संदीप शर्मा के उस ओवर की पहली गेंद पर महेंद्र सिंह धोनी आउट हो गए और धोनी मैच फिनिश नहीं कर पाए. धोनी का कैच शिमरॉन हेटमायर ने लिया. फिर ओवर की दूसरी बॉल पर जेमी ओवर्टन ने और तीसरी बॉल पर रवींद्र जडेजा ने सिंगल लिया. यानी अब तीन गेंदों पर 18 रन बनाने थे. चौथी बॉल पर ओवर्टन ने छक्का लगाकर रोमांच पैदा किया. लेकिन अगली दो गेंद पर 2-2 रन ही बना, जिसने मैच को राजस्थान के कब्जे में कर दिया.
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के मैच नंबर-11 में राजस्थान रॉयल्स (RR) का सामना चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से हुआ. 30 मार्च (रविवार) को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने 6 रनों से जीत हासिल की. राजस्थान ने सीएसके को जीत के लिए 183 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन वो 6 विकेट पर 176 रन ही बना सकी. सीएसके की ये लगातार दूसरी हार रही. जबकि राजस्थान ने इस सीजन की पहली जीत हासिल की.
बता दें कि राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन में शुरुआती दो मैच गंवाए थे. पहले राजस्थान को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के हाथों 44 रनों से शिकस्त मिली. फिर उसे कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 8 विकेट से पराजित किया. दूसरी तरफ सीएसके ने मुंबई इंडियंस (MI) को 4 विकेट से हराकर सीजन का शानदार आगाज किया. हालांकि उसे दूसरे मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 50 रनों से हार झेलनी पड़ी थी. टारगेट का पीछा करने उतरी चेन्नई की टीम की शुरुआत खराब रही और उसने 0 के स्कोर पर रचिन रवींद्र का विकेट गंवा दिया. रचिन को जोफ्रा आर्चर ने विकेट के पीछे कैच आउट कराया. इसके बाद राहुल त्रिपाठी और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 46 रनों की पार्टनरशिप की. राहुल त्रिपाठी टच में दिख रहे थे, लेकिन सेट होने के बाद उन्होंने विकेट गंवा दिया. राहुल (23) को श्रीलंकाई स्पिनर वानिंदु हसारंगा ने चलता किया. हसारंगा ने इसके बाद ‘इम्पैक्ट सब’शिवम दुबे (18) और विजय शंकर (9) को भी अपनी फिरकी में फंसाया.
Leave a Reply